Thursday, November 28, 2019

फ्लैट में रहते हैं सलमान, पिता सलीम खान के पास फार्महाउस में 3 बंगले  

अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, वरुण धवन, शाहरुख खान, रणवीर सिंह, रणबीर कपूर बंगलों में रहते हैं। ऋतिक रोशन किराए के फ्लैट में रहते हैं। उनके नाना फिल्मकार जे. ओमप्रकाश का निधन हो गया है और वे अपना भव्य बंगला नाती रितिक रोशन के नाम कर गए। दिलीप कुमार का एक बंगला उन्होंने एक बिल्डर को दिया था, परंतु समय सीमा में बिल्डर बहुमंजिला इमारत नहीं बना पाया। अदालत के आदेश से दिलीप कुमार को अपना बंगला वापस मिल गया। शादी के बाद ही वे अपनी पत्नी और पड़ोसन सायराबानो के बंगले में रहने लगे थे। राज कपूर के स्टूडियो के निकट ही उनका बंगला था।
  1. सबसे अधिक लोकप्रिय सलमान खान बांद्रा के बीजे रोड पर गैलेक्सी नामक इमारत की तल मंजिल पर बने फ्लैट में रहते हैं और उनके माता-पिता पहले माले वाले फ्लैट में रहते हैं। सलीम खान साहब के पनवेल स्थित फॉर्म हाउस में तीन बंगले हैं। इंदौर के किसी सामंतवादी परिवार से उन्होंने यह फॉर्म हाउस खरीदा था। निर्माता नासिर हुसैन का पाली हिल क्षेत्र में भव्य बंगला है। उनके पुत्र मंजूर हुसैन ने बंगला अपनी बहन को दे दिया है। मंजूर हुसैन दक्षिण भारत के कुंदूर नामक क्षेत्र में ऑर्गेनिक खेती करते हैं। उनके इस घर में रेडियो, टीवी, एअरकंडीशनर नहीं हैं। उनका विश्वास है कि एअरकंडीशनर से वातावरण में प्रदूषण होता है। आमिर खान ने एक बहुमंजिला में तीन माले खरीदे हैं। उनका निवास और दफ्तर वहीं है।

  2. तीन एकड़ जमीन पर बने बंगले में अब केवल रणधीर कपूर रहते हैं। उन्होंने बांद्रा में माउंट मेरी रोड पर एक मकान खरीदा है, जिसकी साज-सज्जा चल रही है। कुछ ही महीनों में वे अपने नए मकान में चले जाएंगे। उसके बाद राज कपूर का बंगला बेचा जाएगा। इस तरह मुंबई के चेम्बूर क्षेत्र में फिल्म निर्माण बंद हो जाएगा। ज्ञातव्य है कि राज कपूर ने अपनी दूसरी फिल्म बरसात की सफलता के बाद ही स्टूडियो बनाना प्रारंभ कर दिया था। आवारा का स्वप्न दृश्य स्टूडियो में शूट हुआ। उस समय तक छत नहीं डाली गई थी। अत: शूटिंग रात में ही की गई। अपने स्टूडियो के निकट ही उन्होंने एक कवेलू की छत वाला मकान किराए पर लिया था। श्रीमती कृष्णा कपूर के आग्रह पर उन्होंने मकान बनाने का निर्णय लिया। उनके मकान मालिक ने बाजार भाव से कम कीमत लेकर मकान उन्हें बेच दिया। पुराने मकान को तोड़कर आधा दर्जन बेडरूम वाला नया मकान बनाया गया। पुराने बंगले के सामने एक खुला मैदान था। इसी मैदान पर ‘मेरा नाम जोकर’ के लिए सर्कस को जगह दी गई। ऋषि कपूर ने अपने पाली हिल स्थित बंगले को तोड़ दिया है और वहां वे भव्य बहुमंजिला भवन का निर्माण कर रहे हैं। इस समय वे उसी स्थान के निकट फ्लैट में अपने पुत्र रणबीर कपूर के साथ रहते हैं। अयान मुखर्जी और रणबीर कपूर की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ अगले वर्ष अप्रैल में प्रदर्शित होगी। वहीं, रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण फ्लैट में रहते हैं। अनुष्का शर्मा अपने पति कोहली के साथ दक्षिण मुंबई के वर्ली क्षेत्र में रहती है।

  3. जावेद अख्तर और शबाना जुहू गली की एक बहुमंजिला में रहते हैं। शौकत आजमी भी उन्हीं के साथ रहती थीं। शबाना ने यह फैसला किया कि शौकत आजमी की अंतिम यात्रा उनके पुराने घर ‘जानकी कुटीर’ से ही शुरू की जाएगी। इप्टा से सदस्यों ने सारे इंतजाम किए। शबाना की इच्छानुरूप शवयात्रा में भाग लेने वाले सभी लोगों को शवयात्रा के पहले दोपहर का भोजन कराया गया। इप्टा सदस्यों ने ही सारी व्यवस्था की। ज्ञातव्य है कि इंडियन पीपुल्स थिएटर (इप्टा) अत्यंत पुरानी संस्था है, जिससे जुड़े तमाम लोग वामपंथी विचाराधारा में विश्वास करते हैं। सितारों के निवास के सामने प्रशंसक जमा हो जाते हैं, जिस कारण वहां रहने वाले अन्य रहवासयों को असुविधा होती है।

  4. अमिताभ बच्चन की पुत्री उन्हीं के साथ बंगले में रहती है। शादी के बाद वे दिल्ली के भव्य बंगले में अपने पति के साथ कुछ वर्ष रही हैं। वे कभी बहुमंजिला के फ्लैट में नहीं रहीं, परंतु उन्होंने बहुमंजिला में रहने वालों के जीवन पर एक किताब लिखी है। यह सच है कि महानगर मुंबई के बहुमंजिला में रहने वाले एक-दूसरे से सलाम दुआ का सीमित रिश्ता ही रखते हैं, परंतु किसी सदस्य की मृत्यु पर सभी साथ हो जाते हैं। मानवीय संवेदनाएं बंगले या फ्लैट में रहने से तय नहीं होतीं। अधिकांश फिल्मवालों के फॉर्म हाउस हैं। वे सभी तीज-त्योहार फॉर्म हाउस में ही मनाते हैं।

  5. देव आनंद का भी जुहू के आइरिश पार्क में एक बंगला था। विवाह के बाद वे कुछ वर्षों तक बंगले में रहे। बाद में उन्होंने जुहू के एक हॉस्टल में भव्य कमरा किराए पर लिया और वर्षों तक वे वहां रहते हुए अपनी फिल्म निर्माण संस्था भी चलाते रहे। उनके बड़े भाई चेतन आनंद एक किराए के बंगले में रहते थे। उनके साथ प्रिया राजवंश रहती थीं। उनकी मृत्यु के बाद बंगले पर अधिकार जमाने का प्रयास उनके पुत्र ने किया, परंतु प्रिया ने जगह खाली नहीं की। कहते हैं चेतन आनंद के पुत्र ने प्रिया राजवंश की हत्या की और सजा भी काटी।



      Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
      Salman lives in a flat, 3 bungalows in farmhouse near father Salim Khan


      from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2qRzEI1

No comments:

Post a Comment