Friday, December 6, 2019

अक्षय कुमार ने भारतीय पासपोर्ट के लिए आवेदन किया, बोले- तकलीफ होती है, जब कोई इसका सबूत मांगता है

बॉलीवुड डेस्क. अक्षय कुमार का कहना है कि उन्होंने भारतीय पासपोर्ट के लिए आवेदन कर दिया है। वे शुक्रवार को हिंदुस्तान टाइम्स की लीडरशिप समिट में बता रहे थे कि जब कोई उनकी राष्ट्रीयता का सबूत मांगता है तो उन्हें बहुत तकलीफ होती है। बकौल अक्षय, "अब मैंने भारतीय पासपोर्ट के लिए आवेदन कर दिया है। मैं भारतीय हूं और मुझे बहुत तकलीफ होती है कि हर बार मुझे इसे साबित करने के लिए कहा जाता है। मेरी पत्नी, मेरे बच्चे भारतीय हैं। मैं टैक्स यहां भरता हूं, मेरी जिंदगी यहां की है।"

अक्षय ने बताया- कैसे मिली कनाडा की नागरिकता

अक्षय के पास कनाडा की नागरिकता है और इसके चलते अक्सर उनपर निशाना साधा जाता है। उन्होंने समिट के दौरान बताया कि आखिर कैसे उन्हें वहां की नागरिकता मिली। वे कहते हैं, "एक वक्त था, जब मेरी एक के बाद एक 14 फ़िल्में फ्लॉप हुईं और मैं सोचने लगा कि अब क्या करूं? तब कनाडा में रह रहे मेरे एक करीबी दोस्त ने मुझे वहां आने साथ काम करने को कहा। मैंने कनाडा के पासपोर्ट के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी। क्योंकि मुझे लगने लगा था कि मेरा करियर खत्म हो गया है और मुझे अब यहां काम नहीं मिलेगा। लेकिन मेरी 15वीं फिल्म काम कर गई और फिर मैंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। मैंने अपना पासपोर्ट बदलने के बारे में कभी नहीं सोचा था।"

अब तक 150 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके अक्षय कुमार इस साल तीन फिल्मों 'केसरी', 'मिशन मंगल' और 'हाउसफुल 4' में नजर आ चुके हैं और तीनों बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुईं। उनकी अगली फिल्म 'गुड न्यूज' 27 दिसंबर को रिलीज होगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
फोटो क्रेडिट - हिंदुस्तान टाइम्स।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2OWI2zl

No comments:

Post a Comment